कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला आज कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में शुरू हो गया। पहला टेस्ट जीतकर 1-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम अब दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज 2-0 से अपने नाम करने और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरी है।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया में एक बदलाव किया गया है। स्पिनर कुलदीप यादव संक्रमण के कारण मुकाबले से बाहर हैं। उनकी जगह ऑलराउंडर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। रवींद्र जडेजा ने उन्हें टीम हडल में डेब्यू कैप सौंपी।
सारांश ने मुकाबले से पहले दोनों दिन जमकर अभ्यास किया। उन्होंने स्पिनरों के साथ नेट्स में गेंदबाजी करने के अलावा बल्लेबाजी का भी अभ्यास किया। श्रीलंका की टीम में भी बदलाव किए गए हैं। कामिल मिशारा को डेब्यू का मौका मिला है, जबकि पसिंदु सूर्यबंदारा को भी टीम में शामिल किया गया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सूर्यबंदारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।






