यूपी के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद काजी शायान मसूद ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी का लाल-हरा पटका पहनाकर स्वागत किया। शायान के सपा में शामिल होने को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके पार्टी बदलने की चर्चा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर की जा रही है।
शायान मसूद अपने पिता शाजान मसूद के साथ गुरुवार को लखनऊ पहुंचे थे। सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। सदस्यता ग्रहण करने के दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हुए।
काजी परिवार की सहारनपुर में रही है मजबूत पकड़
शायान मसूद काजी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सहारनपुर की राजनीति में काजी परिवार की लंबे समय से मजबूत पकड़ रही है। ऐसे में शायान का सपा में शामिल होना राजनीतिक रूप से खासा अहम माना जा रहा है। पश्चिमी यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सपा लगातार अपना संगठन मजबूत करने में जुटी है।
इमरान मसूद कह चुके हैं- परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा
शायान के सपा में शामिल होने के पीछे उनके ससुर और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के पूर्व बयान को भी अहम माना जा रहा है। कुछ समय पहले इमरान मसूद ने कहा था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में मौका मिलना चाहिए।
इस बयान के बाद माना जा रहा था कि इमरान मसूद के परिवार की नई पीढ़ी चुनावी राजनीति से दूर रहेगी। हालांकि, शायान के सपा में शामिल होने के पीछे इमरान मसूद से किसी विवाद या मतभेद की बात सामने नहीं आई है।
बेहट से चुनाव लड़ने की थी चर्चा
राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चा थी कि शायान मसूद 2027 में बेहट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी वह इमरान मसूद के समर्थन में सक्रिय नजर आए थे। चुनाव के बाद भी सहारनपुर में लोगों की समस्याएं सुनने और अधिकारियों से संपर्क करने में उनकी सक्रियता दिखाई दी। इमरान मसूद के अंबाला रोड स्थित कार्यालय में भी उनकी मौजूदगी चर्चा में रही।
जुलाई से चल रही थी सपा में जाने की चर्चा
शायान मसूद के सपा नेतृत्व के संपर्क में होने की चर्चाएं जुलाई से ही चल रही थीं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात भी हुई थी। इसके बाद उनके जल्द सपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। गुरुवार को सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही इन चर्चाओं पर विराम लग गया।
शॉटगन शूटिंग में भारत का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
राजनीति में आने से पहले शायान मसूद खेल की दुनिया में सक्रिय रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शॉटगन शूटिंग में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2009 से 2013 तक वह भारतीय राष्ट्रीय शॉटगन शूटिंग टीम के सदस्य रहे। इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते। 2012 एशियन शॉटगन चैंपियनशिप, दोहा में स्वर्ण पदक उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। वह तीन बार जूनियर गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुके हैं।
वर्ष 2014 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार में उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी मिला था।
सपा को पश्चिमी यूपी में फायदा मिलने की उम्मीद
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में शायान मसूद की पार्टी में एंट्री से सपा को सहारनपुर में एक युवा चेहरा मिला है, जिसकी पहचान काजी परिवार और इमरान मसूद के परिवार से भी जुड़ी है।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि सपा नेतृत्व शायान मसूद को संगठन में क्या जिम्मेदारी देता है और क्या उन्हें बेहट विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय किया जाता है। वहीं, कांग्रेस के लिए भी शायान के सपा में जाने के बाद सहारनपुर की स्थानीय राजनीति पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






