प्रयागराज/कौशांबी। प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर मनौरी बाजार में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद फरार चल रहे फैक्ट्री मालिक नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार तड़के करीब चार बजे सैय्यद सरावां इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नौशाद के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
सीओ चायल शिवांक सिंह के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनौरी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का आरोपी नौशाद सैय्यद सरावां क्षेत्र में मौजूद है और वहां से शहर छोड़कर भागने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश शुरू की। पुलिस को देखते ही नौशाद ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस नौशाद से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि 31 अगस्त को हुए विस्फोट के बाद उसने किन स्थानों पर शरण ली थी और फरारी के दौरान किन लोगों ने उसे छिपने तथा भागने में मदद की।

धमाके से दहल उठा था मनौरी बाजार
पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मकान में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी। आग लगते ही वहां रखे पटाखों में जोरदार विस्फोट होने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। विस्फोट की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी। घटनास्थल से काफी देर तक धुएं का गुबार उठता रहा और रुक-रुककर पटाखे फटते रहे।
हादसे की सूचना मिलने पर पिपरी समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश शुरू की गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री और आसपास के हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा।

11 की मौत, पांच घायल
विस्फोट में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मृतकों व घायलों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में नियमों की अनदेखी कर पटाखों का निर्माण और उनका भंडारण किया जा रहा था। अब जांच का दायरा फैक्ट्री में मौजूद पटाखों की मात्रा, निर्माण प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजाम और हादसे की वास्तविक वजह तक पहुंचने पर केंद्रित है।

नौशाद समेत छह पर मुकदमा
मामले में पिपरी थाने में नौशाद समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में नौशाद पुत्र निजामुद्दीन, शकील पुत्र निजामुद्दीन, शबाना पत्नी शकील, कहकसा बानो पत्नी नौशाद, आदिल पुत्र नौशाद और साइना पुत्री शकील निवासी महमूदपुर मनौरी शामिल हैं।
घटना के बाद पुलिस ने शबाना पत्नी शकील को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। अब नौशाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे फैक्ट्री के संचालन, पटाखों की खरीद-फरोख्त, भंडारण और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी।
थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
अवैध पटाखा फैक्ट्री के संचालन और घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने ड्यूटी में लापरवाही के मामले में पिपरी थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए एसपी ने चार पुलिस टीमों का गठन किया था।
नौशाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री कितने समय से चल रही थी और इसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों को थी या नहीं। पुलिस फैक्ट्री के संचालन से जुड़े नेटवर्क और संभावित मददगारों की भी जानकारी जुटा रही है।







