जालौन की नई तहसील उरई परिसर में शुक्रवार शाम सरकारी वाहन चोरी करने का दुस्साहस उस समय नाकाम हो गया, जब सतर्क तहसील कर्मचारियों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी कथित तौर पर नायब तहसीलदार की सरकारी गाड़ी को दूसरी चाबी से स्टार्ट कर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। कर्मचारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और बाद में कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, नई तहसील उरई में नायब तहसीलदार को आवंटित सरकारी वाहन यूपी-92 जी-0353 तहसील परिसर में खड़ा था। उसी समय नायब तहसीलदार अपने कार्यालय में कार्यरत थे। वाहन चालक एवं नजारत अनुभाग में तैनात चपरासी दिनेश कुमार के अनुसार, एक अज्ञात युवक दूसरी चाबी की मदद से वाहन स्टार्ट कर चोरी की नीयत से उसे लेकर जाने लगा।
संदिग्ध गतिविधि देखते ही दिनेश कुमार ने शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारी मौके पर दौड़ पड़े और मुख्य गेट के पास ही वाहन को रुकवा लिया। कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथ हाथापाई भी हुई, जिसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के संबंध में दिनेश कुमार ने कोतवाली उरई में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेले वारदात को अंजाम देने आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े तहसील परिसर में सरकारी वाहन चोरी के प्रयास की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।




