जालौन जनपद में संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद ने आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शपथ भी दिलाई गई।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और स्वास्थ्य कर्मियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को स्वच्छता अपनाने, घरों एवं आसपास जलभराव न होने देने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि बुखार, डेंगू, मलेरिया या अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जनसहभागिता और स्वच्छता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखे तो अनेक संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि 1 जुलाई से शुरू हुए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव और वार्ड-वार्ड व्यापक साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, जलभराव की रोकथाम तथा घर-घर जनजागरूकता गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि समय रहते उनकी रोकथाम और बचाव सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने संचारी रोगों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं रोगमुक्त जनपद बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।






