Thursday, October 8, 2026
google.com, pub-2748108890967763, DIRECT, f08c47fec0942fa0spot_img

अखिलेश का भाजपा पर पलटवार: बोले- परिवार के 5 सांसद और पक्के समाजवादियों ने सपा को टूटने नहीं दिया, PDA का मतलब प्रेम-दया-अपनापन भी

समाजवादी पार्टी में टूट को लेकर भाजपा नेताओं के लगातार दावों के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को बड़ा पलटवार किया। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने कहा कि देश में कई राजनीतिक दल टूट गए, लेकिन समाजवादी पार्टी अब तक एकजुट है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि सपा में एक ही परिवार के पांच सांसद हैं, कई मुस्लिम सांसद हैं और कुछ पक्के समाजवादी सांसद हैं। अखिलेश ने कहा कि कभी-कभी परिवारवाद का भी फायदा होता है।

अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा में संभावित टूट को लेकर भाजपा नेताओं के बयान लगातार सामने आ रहे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर सपा के कई सांसदों के पार्टी छोड़ने का दावा कर चुके हैं। अखिलेश ने इन दावों को लेकर पार्टी की एकजुटता का संदेश देने के साथ भाजपा पर भी निशाना साधा।

कवियों को सम्मानित करते अखिलेश यादव

योगी के PDA वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के PDA को लेकर दिए बयान पर अखिलेश यादव ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि PDA में ‘P’ का मतलब पाकिस्तान है। इसके जवाब में अखिलेश ने भाजपा के लिए भी एक नया अर्थ बताते हुए कहा कि BJP का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ है।

अखिलेश ने कहा, “जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना PDA आगे बढ़ेगा।” उन्होंने PDA का एक और अर्थ बताते हुए कहा कि इसका मतलब ‘प्रेम, दया और अपनापन’ भी है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी लोग प्रेम, दया और अपनापन के जरिए लोगों को जोड़ने का काम करेंगे तो पार्टी और मजबूत होगी और भविष्य में ऐतिहासिक सरकार बनाएगी।

मैनपुरी से आए लोगों को सम्मानित करती सांसद डिम्पल यादव

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को PDA को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग पहले ‘P’ की परिभाषा पिछड़ा बताते थे, फिर पंडित बताने लगे और किसी दिन ‘P’ की परिभाषा पाकिस्तान भी कर देंगे। मुख्यमंत्री ने महंगाई और चीनी के दाम को लेकर भी विपक्ष से सवाल किया था

अखिलेश बोले- मुझे बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं मिली

सपा प्रमुख ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि उन्हें अभी तक बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अगर जैकेट मिलेगी तो वह इसकी जानकारी जरूर देंगे। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उससे हर चीज की उम्मीद नहीं की जा सकती।

अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जो सरकारी गाड़ियां दी गई थीं, वे बेहद खराब थीं। उनका कहना था कि अगर वे उन गाड़ियों से चलते थे तो उनकी गाड़ी और सुरक्षा में लगे वाहनों के बीच भी अलगाव की स्थिति रहती थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

गौरतलब है कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बताया गया था कि अखिलेश यादव, मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है। इनमें 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। सरकार के अनुसार मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, ओपी राजभर और अपर्णा यादव को जैकेट दी जा चुकी है।

‘सपा गठबंधन कभी नहीं तोड़ती, लोग छोड़कर जाते हैं’

मायावती के सपा पर गठबंधन तोड़ने के आरोप पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती। उन्होंने कहा, “हम किसी को नहीं छोड़ते, लोग छोड़कर गए हैं।”

अखिलेश ने दूसरे विपक्षी दलों से भी अपील की कि वे समाजवादी पार्टी को घेरने के बजाय प्रदेश और केंद्र सरकार को घेरें। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को आपसी विवाद में उलझने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना चाहिए।

दरअसल, बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को आरोप लगाया था कि सपा के अहंकारी रवैए के कारण सपा-बसपा का दो बार गठबंधन टूटा। मायावती के इस बयान के बाद अखिलेश की प्रतिक्रिया को उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पूर्व SSP पर दलित-गुर्जर नेताओं की पिटाई का आरोप

अखिलेश यादव ने मेरठ के पूर्व SSP अविनाश पांडेय को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सपा नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ इसलिए मारपीट की गई, क्योंकि वे दलित और गुर्जर समाज से आते हैं।

अखिलेश ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि PDA परिवारों के बच्चों को अच्छी शिक्षा न मिले, इसलिए स्कूलों को जानबूझकर बंद किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

जयंत चौधरी को भाजपा 120 सीटें दे: अखिलेश

राष्ट्रीय लोकदल और जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जयंत चौधरी की पार्टी को 30 सीटें दी थीं। ऐसे में भाजपा को रालोद को चार गुना यानी 120 सीटें देनी चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि यदि भाजपा जयंत चौधरी की पार्टी को 120 सीटें नहीं देती है तो यह चौधरी चरण सिंह और अजीत सिंह का अपमान होगा। उन्होंने कहा कि अगर इतनी सीटें नहीं दी जाती हैं तो समाजवादी पार्टी निंदा प्रस्ताव पारित करेगी। अखिलेश का यह बयान भाजपा और रालोद के बीच आगामी राजनीतिक समीकरणों पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।

एक ट्रिलियन इकोनॉमी के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि एक ट्रिलियन इकोनॉमी के लिए गोमूत्र खरीदना चाह रहे हैं। पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के पीछे मुनाफे का उद्देश्य है। उन्होंने सवाल किया कि इस मुनाफे का फायदा किसे मिल रहा है।

अखिलेश ने सरकार के प्रति व्यक्ति आय बढ़ने के दावे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि प्रति व्यक्ति आय ढाई गुना बढ़ गई है तो उन करीब 15 करोड़ लोगों की प्रति व्यक्ति आय कितनी है, जिन्हें मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के चुनावी वादे का जिक्र करते हुए कहा कि जब सपा ने 40 हजार रुपये देने की बात कही थी तो भाजपा पूछती थी कि पैसा कहां से आएगा। अब वही लोग 50 हजार रुपये देने की बात कर रहे हैं।

सपा में टूट के दावों पर अखिलेश का जवाब

सपा में टूट को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से पिछले कुछ समय से लगातार बयान दिए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने दावा किया था कि लोकसभा के मानसून सत्र से पहले पूर्वांचल के अधिकांश सपा सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं। वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी कहा था कि आने वाले समय में सपा को बड़ा झटका लग सकता है।

केशव मौर्य ने दावा किया था कि सपा के 25 से 26 सांसद पार्टी छोड़ने की स्थिति में हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा तोड़फोड़ की राजनीति नहीं कर रही है।

इन्हीं दावों के बीच अखिलेश यादव ने शनिवार को सपा के मजबूत बने रहने की वजह गिनाई। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक ही परिवार के पांच सांसद, मुस्लिम सांसद और पक्के समाजवादी सांसद मौजूद हैं। उनके मुताबिक, अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समूहों का यह जुड़ाव सपा को मजबूती देता है।

अखिलेश ने PDA को प्रेम, दया और अपनापन से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता के मुद्दों और लोगों को जोड़ने की राजनीति के जरिए सपा आने वाले समय में और मजबूत होगी और ऐतिहासिक सरकार बनाएगी।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!