Monday, August 24, 2026

रक्षाबंधन पर यूपी में महिलाओं को बड़ी सौगात, रोडवेज बसों में 3 दिन मुफ्त सफर

spot_img

रक्षाबंधन पर बहनों को मायके आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए योगी सरकार ने प्रदेश में विशेष परिवहन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में तीन दिन तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। महिला के साथ यात्रा करने वाले एक पुरुष सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रक्षाबंधन को लेकर परिवहन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और घर की यात्रा करेंगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए और किसी भी मार्ग पर यात्रियों को परेशानी न होने दी जाए।

सीएम योगी

26 से 31 अगस्त तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में परिवहन निगम की सभी बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। लखनऊ और कानपुर के लिए भी अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पश्चिमी क्षेत्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर शुरुआती बिंदु से 60 प्रतिशत यात्री होने पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मनमाना किराया वसूला तो होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेंपो यूनियनों के साथ बैठक करने को कहा है। निजी वाहन संचालकों को निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए गए हैं। ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, अधिक किराया वसूलने और यात्रियों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन भी कराया जाएगा।

धार्मिक स्थलों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, वाराणसी, प्रयागराज और विंध्याचल समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी। बस स्टेशनों पर सीसीटीवी, पेयजल, साफ-सफाई और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। प्रतीक्षालयों में लाइट और पंखों की व्यवस्था भी बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रहेगा।

1,800 किमी बस चलाने पर 1,200 रुपये बोनस

रक्षाबंधन के छह दिनों में 1,800 किलोमीटर बस चलाने वाले चालक-परिचालकों को 1,200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा चालक और परिचालक 1,800 किलोमीटर से अधिक बस चलाते हैं तो प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला में प्रतिदिन ड्यूटी करने वाले तकनीकी कर्मचारियों को भी 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

परिवार में किसी की मृत्यु या स्वयं की बीमारी जैसी विशेष परिस्थितियों को छोड़कर बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को इस दौरान अवकाश नहीं मिलेगा। बिना अनुमति कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी अनुबंधित बसों का संचालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

28 अगस्त को रक्षाबंधन

इस बार रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह 8:31 बजे शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह 9:18 बजे तक रहेगी। इस बार भद्रा का साया नहीं होने के कारण पूरे दिन राखी बांधने का अवसर रहेगा।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!