जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमरिया में जन्माष्टमी की रात 70 वर्षीय बुजुर्ग रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी रघुवीर अहिरवार और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर घर में डाली गई डकैती की वारदात का कोंच कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वारदात में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दो अन्य आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 35 हजार रुपये नकद, अवैध असलहा और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी के मुताबिक, रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर हुई डकैती के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। रविवार की रात को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ संदिग्ध बदमाश ई-रिक्शा से अंडा-बिरगुवां मार्ग की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी प्रभारी रिंकू, सर्विलांस टीम जालौन और थाना कोंच के प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र प्रताप सिंह सागर चौकी प्रभारी सुमित पांडे वरिष्ठ उप निरीक्षक अशोक कुमार व उनकी टीम पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अंडा से बैरागढ़ की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर चेकिंग अभियान शुरू किया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से दो राउंड फायर किए गए। जवाब में पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान रवि अहिरवार के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वहीं पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मौके से जमील अहमद, प्रमोद उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध असलहा बरामद किया है, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था। इसके अलावा एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

एएसपी के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों के पास से पीली और सफेद धातु के लाखों रुपये कीमत के जेवरात और 35 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बरामद आभूषणों को पुलिस ने रिटायर्ड रेलकर्मी के घर हुई डकैती से जोड़ते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

जन्माष्टमी की रात वारदात को दिया था अंजाम
बता दें कि 4/5 सितंबर की रात बदमाशों ने ग्राम सिमरिया में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी रघुवीर अहिरवार के घर धावा बोला था। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी और सर्विलांस समेत कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया था।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही बरामद असलहे, कारतूस, जेवरात और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि अहिरवार पुत्र गोविंददास, उम्र 24 वर्ष, निवासी मोहल्ला गांधीनगर कोंच, जमील अहमद पुत्र रफीक अहमद, उम्र करीब 57 वर्ष, निवासी कांशीराम कॉलोनी कोंच तथा प्रमोद उर्फ चीकू पुत्र स्वर्गीय माताप्रसाद, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम सिमरिया, थाना कोंच के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ एक-एक मामला दर्ज है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
दो अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि वारदात में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर डकैती की पूरी घटना और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।







