जालौन में सड़क पर अचानक सामने आए आवारा पशु से टकराने के बाद एक किसान की मौत हो गई। शनिवार देर रात यह हादसा सहबाजपुर के पास हुआ, जब किसान पिंटू सिंह सेंगर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल पिंटू को राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोहन थाना क्षेत्र के रहावली गांव निवासी 38 वर्षीय पिंटू सिंह सेंगर शनिवार रात किसी काम से बाइक लेकर गोहन कस्बे गए थे। देर रात वह अपनी बाइक से गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह सहबाजपुर के पास पहुंचे, तभी अचानक एक आवारा पशु सड़क पर आ गया।
अंधेरा होने के कारण पिंटू बाइक को नियंत्रित नहीं कर सके और उनकी बाइक सीधे पशु से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिंटू सिंह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर घायल किसान पर पड़ी। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिंटू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिंटू की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। उनके परिवार में पत्नी ज्योति, पुत्री रानी और पुत्र देव सिंह हैं। गोहन थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि पिंटू सिंह सेंगर खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।






