Sunday, August 30, 2026

जालौन में 70 लाख के गांजे की बड़ी खेप पकड़ी: दो स्कॉर्पियो से 2 कुंतल 27 किलो गांजा बरामद, 4 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

spot_img

जालौन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आटा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियों से 2 कुंतल 27 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 5,100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईशान सोनी ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम टोल प्लाजा के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

खुलासा करते एएसपी जालौन

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियों से अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर आटा थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम को अलर्ट किया। कुछ देर बाद झांसी की ओर से दो स्कॉर्पियो गाड़ियां UK 08 BM 4343 और UP19 X 5841 आती दिखाई दीं।

पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो चालकों ने पुलिस को देखकर गाड़ियों की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों स्कॉर्पियो को टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया।

बड़े-बड़े झोलों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो उनमें बड़े-बड़े झोले रखे मिले। तलाशी के दौरान झोलों से कुल 2 कुंतल 27 किलो गांजा और 5,100 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने दोनों स्कॉर्पियो को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।

 

मौके से पुलिस ने राजीव पंवार (45) निवासी ग्राम एलम, थाना कांधला, जिला शामली, वर्तमान पता शताब्दी नगर, थाना कोतवाली बागपत; मो. आदिल (30) निवासी पंसारियान, थाना कोतवाली शामली; मोईन खान (24) निवासी पंसारियान, थाना कोतवाली शामली और शमीम (38) निवासी कासिमपुर खेड़ी, थाना रमाला, जिला बागपत को गिरफ्तार किया।

उड़ीसा से सस्ते दाम पर खरीदते थे गांजा

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों मिलकर गांजे का अवैध कारोबार करते थे। वे आपस में रुपये मिलाकर उड़ीसा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद उसे जालौन, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के जिलों में घूम-घूमकर राहगीरों और ग्राहकों को बेचते थे।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते थे और उसी पैसे से अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

बरामद कार और मादक पदार्थ

फोटो सेशन के दौरान मुस्कुराता नजर आया आरोपी

वहीं, चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लाइन में फोटो सेशन के दौरान एक आरोपी का अलग ही अंदाज देखने को मिला। पत्रकारों के कैमरों के सामने वह लगातार मुस्कुराता और हंसता हुआ नजर आया। गिरफ्तारी के बावजूद उसके चेहरे पर किसी तरह की घबराहट या अफसोस दिखाई नहीं दिया। आरोपी के इस रवैये ने मौके पर मौजूद लोगों और पत्रकारों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना आटा में मु.अ.सं. 141/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से जुटाई जा रही है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!