जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम करियावली में शुक्रवार सुबह 8 बजे के करीब एक को दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। दोनों भाई खेत में लगे कुएं से मोटर निकालने के लिए उतरे थे। हादसे की सूचना मिलते ही कैलिया थाना पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम करियावली निवासी फूल सिंह कुशवाहा (65) पुत्र नन्नाई और उनके छोटे भाई राम लखन कुशवाहा (55) का गांव के किनारे खेत है। खेत में करीब 60 फीट गहरा कुआं बना हुआ है, जिसमें पानी खींचने के लिए मोटर लगी है। पिछले दिनों हुई बारिश के चलते कुएं में पानी का स्तर बढ़ गया था। पानी बढ़ने के कारण मोटर डूबने लगी।
शुक्रवार की सुबह रक्षाबंधन के दिन राम लखन कुशवाहा मोटर निकालने के लिए रस्सी के सहारे कुएं में उतरे। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगे। छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई फूल सिंह भी उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए। देखते ही देखते दोनों भाई गहरे पानी में डूब गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के सहयोग से काफी प्रयास के बाद दोनों भाइयों के शव कुएं से बाहर निकाले गए।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार घटना दुर्घटनावश हुई है और मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।






