राजस्थान के दौसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद एवं जालौन-उरई क्षेत्र के ऑब्जर्वर मुरारी लाल मीणा ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद से सरकारी नौकरियों के अवसर लगातार कम हुए हैं और नियमित रोजगार के स्थान पर संविदा व आउटसोर्सिंग व्यवस्था को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ रही है और शिक्षा इतनी महंगी हो गई है कि गरीब परिवारों के बच्चों के लिए डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर शिक्षा हासिल करना मुश्किल होता जा रहा है।

संगठन सृजन अभियान के तहत जालौन के कोंच के पहाड़गांव रोड़ स्थित कलावती गार्डन पहुंचे कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के स्तर पर बड़ी संख्या में सरकारी पद समाप्त हुए हैं। रेलवे का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान रेलवे में बड़ी संख्या में नियमित कर्मचारी कार्यरत थे, लेकिन अब नियमित पदों की संख्या कम हुई है और संविदा तथा ठेके पर कर्मचारियों को रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कम वेतन पर संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से युवाओं से काम लिया जा रहा है। आज की महंगाई में इतनी कम आय में परिवार चलाना मुश्किल है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार द्वारा रोजगार के जो आंकड़े बताए जाते हैं, उनमें कितनी नौकरियां नियमित हैं और कितनी संविदा या आउटसोर्सिंग की, यह स्पष्ट होना चाहिए।
महंगी शिक्षा पर भी सरकार को घेरा
मुरारी लाल मीणा ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चे बढ़ती फीस के कारण उच्च शिक्षा से दूर हो रहे हैं। डॉक्टर और इंजीनियर बनने के लिए लाखों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा महंगी और सरकारी रोजगार के अवसर सीमित होंगे तो गरीब परिवारों के बच्चों के सामने आगे बढ़ने के रास्ते कैसे खुलेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और जाति के मुद्दों के जरिए जनता को वास्तविक समस्याओं से भटकाने का काम करती रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब महंगाई, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों को समझने लगी है। उनके मुताबिक आने वाले समय में लोग सरकार से इन सवालों का जवाब मांगेंगे।
संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है और संविधान की भावना के विपरीत काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति देश के लिए ठीक नहीं है। कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और संविधान की रक्षा करने की बात करती है।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा की राजनीति को समझने लगी है और कांग्रेस की ओर लोगों का रुझान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस के लिए बेहतर होगा और भाजपा को सत्ता से हटाने में कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से संवाद
मुरारी लाल मीणा कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जालौन-उरई क्षेत्र के ऑब्जर्वर के रूप में कोंच पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है और इसी क्रम में वह जालौन के विभिन्न ब्लॉकों व शहरों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना है। जिला अध्यक्ष के चयन में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं की ओर से सामने आने वाले नामों में से छह नाम हाईकमान को भेजे जाएंगे और अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा।

विचारधारा और संविधान से जुड़े कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने पर जोर
मुरारी लाल मीणा ने कहा कि जिला अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो कांग्रेस की मूल विचारधारा से जुड़ा हो, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चले, संविधान का सम्मान करे तथा भाईचारे और सद्भावना की भावना को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर जिला स्तर तक मजबूत संगठन ही पार्टी की असली ताकत है।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लंबे समय से कमजोर जनाधार के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अब अतीत की बजाय भविष्य पर ध्यान दे रही है। करीब 40 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में नहीं है, इसके बावजूद कार्यकर्ता आज भी मजबूती के साथ पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत के जरिए कांग्रेस को फिर मजबूत स्थिति में लाया जाएगा।

गठबंधन का फैसला हाईकमान करेगा
आगामी चुनाव में गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर मुरारी लाल मीणा ने कहा कि इस संबंध में फैसला लेने के लिए उन्हें अधिकृत नहीं किया गया है। गठबंधन से जुड़े सभी निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका दायित्व संगठन को मजबूत करना और सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, PCC सदस्य ब्रजराज अहिरवार, पूर्व विधायक गरौठा बृजेंद्र व्यास, ऑब्जर्वर सुनील जैन खजुरिया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अरविंद सेंगर नगर अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी माधवगढ़ विधानसभा से प्रत्याशी रहे सिद्धार्थ देवरिया कांग्रेस नेता कमल दोहरी कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रसाद निरंजन एडवोकेट पड़री, पूर्व सभासद अनिल पटेरिया सभासद आजादुद्दीन, ब्लॉक अध्यक्ष संजय कुशवाहा सहित सैकड़ो कांग्रेसी मौजूद रहे।






