स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद जालौन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में 111 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से हुआ। इसके बाद यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कोंच रोड स्थित पीली कोठी में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची। विशाल तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते लोगों में देशभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था।
यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड, सीसीएस कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मार्ग में लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और तिरंगे के प्रति सम्मान व गौरव की भावना व्यक्त की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
111 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकली यह भव्य तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। यात्रा ने जालौन की धरती पर एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देते हुए लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।







