जालौन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। एसपी विनय कुमार सिंह ने कैम्प कार्यालय उरई और पुलिस लाइन्स उरई में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और मिष्ठान वितरित किया गया।

पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक ने वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सराहनीय कार्य और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस पदक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा सेवा अभिलेख एवं शौर्य के आधार पर जालौन के सिरसा कलार थाने के प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी मनोज कुमार को प्रशंसा चिन्ह रजत प्रदान किया गया। उपनिरीक्षक वरुण कुमार को रजत चिन्ह अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन कानपुर द्वारा तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर मनोज कुमार को रजत चिन्ह अपर मुख्य सचिव गृह विभाग/पुलिस महानिदेशक लखनऊ द्वारा प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा यूपी-112 में सराहनीय कार्य करने वाले हेड कांस्टेबल सनील कुमार, आरक्षी चन्द्र पाल सिंह, मनीष गुप्ता, अमन कुमार, अरविन्द्र कुमार कुशवाहा, अजब सिंह सहित होमगार्ड संतोष कुमार, अजय कुमार, शिव कुमार पाल और भान सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस व अभियोजन टीम के अधिकारियों को भी सम्मान
पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहनीय कार्य के लिए ASP डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद, डीजीसी (फौजदारी) लखनलाल निरंजन, एडीजीसी बृजराज सिंह राजपूत एवं हृदयेश कुमार पाण्डेय, विशेष लोक अभियोजक शिवदास पाण्डेय समेत अभियोजन विभाग के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

सम्मानित होने वालों में संयुक्त निदेशक अभियोजन रामसमुझ, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी ओम प्रकाश छांगला, अभियोजन अधिकारी विनोद कुमार, सहायक अभियोजन अधिकारी सोमवीर सिंह, डीसीआरबी निरीक्षक शिवकुमार राठौर, अपराध शाखा निरीक्षक राकेश कुमार पाण्डेय, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार तथा अभिसूचना इकाई निरीक्षक प्रेमनरायन शामिल रहे।

इसके साथ ही कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, सीएम डैशबोर्ड उपनिरीक्षक रणधीर सिंह, आईजीआरएस उपनिरीक्षक कृष्ण पाल सरोज, सर्विलांस शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक रिकू चौधरी, परिवार परामर्श/मिशन शक्ति की महिला उपनिरीक्षक पूनम यादव, कोतवाली उरई के उपनिरीक्षक विपुल गुर्जर एवं अमन दीक्षित सहित पुलिस कार्यालय और विभिन्न शाखाओं में तैनात पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों को भी मिला सम्मान
सराहनीय कार्य के लिए कोतवाली उरई के पुलिसकर्मियों के साथ कदौरा, जालौन और सर्विलांस शाखा में तैनात कर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। वहीं, विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोताखोर अंगद ढीमर और माखन ढीमर को भी सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन में ध्वजारोहण, वृक्षारोपण और सम्मान समारोह के माध्यम से पुलिस विभाग ने जहां राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का उत्साहवर्धन भी किया।








