जालौन के सनगढ़ बैरियर औरैया बॉर्डर पर पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक 19 वर्षीय युवक की जान बच गई। युवक पारिवारिक कलह से परेशान होकर यमुना नदी के पुल से छलांग लगाने की फिराक में था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को नदी में कूदने से पहले ही पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 11-12 अगस्त की मध्यरात्रि सनगढ़ बैरियर पर ड्यूटी चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर यमुना पुल पर पहुंचा है और नदी में छलांग लगाने की कोशिश में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए शंकरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रामवीर सिंह हमराह कांस्टेबल अमित कटियार के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने यमुना पुल पर युवक को तलाशना शुरू किया। इसी दौरान युवक नदी में छलांग लगाने की तैयारी में दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले आए।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुखदेव पुत्र ध्यान सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी शाला मंदिर, औरैया बताया। युवक ने पुलिस को बताया कि घर में पारिवारिक कलह के चलते वह बेहद परेशान था और इसी कारण यमुना नदी में कूदकर अपनी जान देना चाहता था।
पुलिस ने युवक को उसकी मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर सहित तत्काल देवकली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। साथ ही उसके भाई आकाश को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस की समय पर कार्रवाई से युवक की जान बच गई। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।




