जालौन में गुरुवार को कुठौंद थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 232.2 किलोमीटर पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जालौन के कोंच कस्बे के दो सगे पशु व्यापारी भाइयों की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई झपकी बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार ललितपुर जनपद के जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंधेर निवासी शेर सिंह (30) पुत्र संजय अपनी पिकअप (संख्या UP94 AT 1991) से एक भैंस और उसके बच्चे को लेकर इटावा जनपद के परसूपुरा पशु बाजार जा रहा था। पिकअप में भैंस के मालिक शाहिद (35) पुत्र शरीफ तथा नासिर (30) पुत्र शरीफ, दोनों निवासी अराजी लेन, कस्बा कोंच, थाना कोंच, जनपद जालौन, भी सवार थे।
बताया जा रहा है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 232.2 किलों मीटर प्वाइंट पर चालक को अचानक झपकी आ गई। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और तीनों घायलों को जिला अस्पताल औरैया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शाहिद और नासिर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक शेर सिंह का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।


दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ वरिष्ठ उपनिरीक्षक शीलबंत सिंह, उपनिरीक्षक हर्षित प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई औरैया जनपद में की जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। वहीं, कोंच के दोनों पशु व्यापारियों की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




