जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे के झांसी कानपुर नेशनल हाईवे 27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे आटा तिराहे पर हुआ। मृतक की पहचान विपिन पुत्र विनोद अहिरवार (25 वर्ष) निवासी ग्राम आटा, थाना आटा, जनपद जालौन के रूप में हुई है। बताया गया कि विपिन किसी कार्य से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक संख्या RJ04GC1783 की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया।
थाना आटा पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
युवक की असमय मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है और मामले में विधिक कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




