जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई।
यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे हुई। मृतकों की पहचान सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम जखा निवासी कुलदीप (52) पुत्र तुलाराम और छोटे खान उर्फ कुंदन (45) पुत्र रज्जाक के रूप में हुई है। कमलेश (30) पुत्र रमेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप, छोटे खान और कमलेश एक ही बाइक से किसी काम से निकले थे। उन्होंने कुठौंद थाना क्षेत्र में जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर ग्राम मदारीपुर के पास एक पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया।
पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वे जालौन की ओर मुड़े, जालौन की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक सवारों को लगभग 100 मीटर तक घसीटता चला गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया।
चिकित्सकों ने कुलदीप और छोटे खान को मृत घोषित कर दिया। कमलेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।




