उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कराई जाएं। अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करें और जहां प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार तत्काल किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए और सरकारी अस्पतालों में बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहे तथा खाद केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नमामि गंगे परियोजना की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पाइपलाइन कार्यों के बाद लंबित पड़े लगभग 170 किलोमीटर सड़क पुनर्स्थापन (रोड रेस्टोरेशन) का कार्य आगामी एक माह के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। जनपद का कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित न रहे। शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा का वास्तविक परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए। अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






