भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को उरई के जागृति होटल में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार बूथ है और प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की सक्रियता, अनुशासन तथा कुशल प्रबंधन ही विजय सुनिश्चित करेगा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट और सोशल इंजीनियरिंग का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकें आयोजित हों, उनका एजेंडा पहले से तय हो तथा बैठक का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाए। साथ ही संगठन के अभियानों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाए।
उन्होंने कहा कि बूथ समितियों को पूरी तरह सक्रिय बनाते हुए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी सौंपी जाए। बूथ स्तर पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत बनाया जाए। “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण भी तैयार किया जाए।

प्रदेश महामंत्री ने नए कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पार्टी से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के साथ निरंतर संवाद और सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों से संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अनिल यादव, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, पूर्व सांसद भानुप्रताप वर्मा, संजीव उपाध्याय, बृजभूषण सिंह, रामेंद्र सिंह, नागेंद्र गुप्ता, उदयन पालीवाल, पूर्व विधायक संतराम सेगर, नरेंद्र जादौन सहित जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।






