जालौन जनपद में पिछले करीब 16 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मंगलवार शाम करीब चार बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला पूरी रात जारी रहा और बुधवार सुबह भी रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। लगातार वर्षा से लोगों को पिछले दो दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है और वातावरण में ठंडक घुल गई है। वही जालौन में रिकॉर्ड 26.02 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जहां पिछले दिनों दिन का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 32 डिग्री के आसपास बना हुआ था, वहीं लगातार बारिश के बाद दिन का तापमान घटकर 28 डिग्री और रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत महसूस की।
लगातार बारिश से जिले के खेत पानी से लबालब भर गए हैं। जिन किसानों ने धान की रोपाई पहले ही कर ली थी, उनके लिए यह बारिश बेहद लाभदायक मानी जा रही है, क्योंकि इससे फसल की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर जिन किसानों के खेतों में तिल की फसल खड़ी है, उनके लिए जलभराव चिंता का विषय बन गया है। खेतों में अधिक पानी भरने से तिल की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
बारिश के कारण शहर और कस्बों के कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ समय तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना बनी हुई है।






