लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने बुंदेलखंड के जालौन जिले में जोरदार दस्तक दे दी। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई, वहीं किसानों के लिए भी खुशियों की सौगात लेकर आई। जिले के कई इलाकों में लगातार लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश होती रही, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
पिछले कई दिनों से तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित था। बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। शहर की सड़कों पर पानी बहता नजर आया और वातावरण में ठंडक घुल गई। सुबह के समय हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।
बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलने की उम्मीद है। किसान काफी समय से मानसून का इंतजार कर रहे थे, क्योंकि लगातार धूप पड़ने से खेतों की मिट्टी सख्त हो गई थी। ऐसे में जुताई और बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा था। अब बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद किसान खरीफ फसलों की बखराई, जुताई और बुवाई का कार्य तेजी से शुरू कर सकेंगे।
किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश धान, उड़द, तिल, मूंग और अन्य खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। इससे खेती की तैयारियों को गति मिलेगी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में किसानों को मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है। मानसून की इस पहली अच्छी बारिश ने आमजन के साथ-साथ किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है।






