जालौन जनपद में बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज, उरई परिसर में वन महोत्सव का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास उपलब्ध स्थानों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण किया जाएगा। विद्यार्थियों से उन्होंने विद्यालय आते समय पौधों को पानी देना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। ये हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराते हैं। इसलिए पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपनी मां के सम्मान और धरती को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने सभी शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन से 01 से 07 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अवधि में हरित रैलियां, प्रभात फेरियां, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव ने बताया कि “आम बहार आपके द्वार” मिशन के अंतर्गत छायादार एवं फलदार आम के पौधों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 के वर्षाकाल में प्रदेशभर में 40 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं संरक्षण करने की अपील की।
कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया तथा हरित जालौन के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।






