जालौन के गोहन थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव में 75 वर्षीय गिरजा शंकर तिवारी की हत्या का मामला 24 घंटे बाद भी अनसुलझा है। पुलिस अभी तक न तो हत्यारों का पता लगा पाई है और न ही वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट कर सकी है। इससे ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
गिरजा शंकर तिवारी का शव गांव के बाहर एक ट्यूबवेल पर संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलते ही गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) ईशान सोनी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। न तो किसी संदिग्ध को गिरफ्तार किया जा सका है और न ही हत्या का मकसद साफ हो पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कमजोर हो रही है और गोहन थाना पुलिस अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करने में विफल है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाने का दावा कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, मृतक के परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







