Monday, November 16, 2026
google.com, pub-2748108890967763, DIRECT, f08c47fec0942fa0spot_img

डीजे और रास्ते में बालू डालने का विरोध करने पर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरी में दीपावली के दिन रास्ते में डीजे खड़ा करने और मकान के सामने बालू डालकर रास्ता अवरुद्ध करने का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर गांव के ही तीन दबंगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, जब पीड़ित शिकायत करने पुलिस के पास पहुंचा तो दबंगों ने अपना रसूल दिखाते हुए पीड़ित के खिलाफ ही शांति भंग की कार्रवाई कर उसका चालान करा दिया। इस घटना को लेकर पीड़ित सोमवार दोपहर 12:00 बजे एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से इस मामले की शिकायत कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरी निवासी हमीद पुत्र बसीर खान ने एसपी सुरेश चंद्र रावत को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि 8 नवंबर 2026 को शाम करीब छह बजे दीपावली के अवसर पर उसने गांव के अफरोज पुत्र छिद्दू से कहा कि उसका डीजे अक्सर रास्ते में खड़ा रहता है और मकान के सामने बालू डाल रखी है। इससे आवागमन में परेशानी होती है। उसने डीजे और बालू हटाने के लिए कहा तो अफरोज नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर अफरोज ने अपने पुत्र सलमान और साकिर को भी बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर हमीद को लाठी-डंडों से पीटा। साथ ही धमकी दी कि वे डीजे नहीं हटाएंगे, जिसे जो करना हो कर ले। यदि पुलिस के पास शिकायत करने गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

हमीद का आरोप है कि घटना के संबंध में उसने 8 नवंबर को पहाड़गांव चौकी में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन चौकी प्रभारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित के मुताबिक, जब वह शिकायत लेकर चौकी पहुंचा था, उस समय सलमान भी वहां मौजूद था। उसने पुलिसकर्मियों के सामने ही उसके साथ गाली-गलौज और धमकी दी, लेकिन पुलिस ने उसे रोकने तक की जहमत नहीं उठाई।

पीड़ित का कहना है कि उस समय गांव के वर्तमान प्रधान भी उसके साथ मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा उसके खिलाफ ही धारा 170 BNSS शांति भंग के तहत कार्रवाई कर दी।

पीड़ित ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग एसपी से की है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले में सीओ कोंच को जांच के आदेश दिए हैं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!