जालौन जनपद के जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर रविवार शाम कर्मचारी के साथ मारपीट और रिवाल्वर दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। विवाद के बाद रिवाल्वर लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके कब्जे से रिवाल्वर बरामद कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार छिरिया सलेमपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर सौरभ दोहरे कर्मचारी के रूप में तैनात हैं। रविवार शाम किसी बात को लेकर सौरभ दोहरे और पास के ही रहने वाले शिवम जादौन के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शिवम जादौन शराब के नशे में था और उसने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ अभद्रता करते हुए जातिसूचक गालियां दीं। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कहासुनी के कुछ देर बाद शिवम जादौन अपने घर चला गया और वहां से रिवाल्वर लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा। पेट्रोल पंप पर पहुंचने के बाद उसने कथित तौर पर रिवाल्वर निकालकर कर्मचारी सौरभ दोहरे को दिखाई और जान से मारने की धमकी दी। अचानक रिवाल्वर सामने आने से पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि इस दौरान पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना का वीडियो रविवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छिरिया सलेमपुर चौकी पुलिस को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रिवाल्वर दिखाने के आरोपी शिवम जादौन को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से रिवाल्वर भी बरामद कर ली और उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस बरामद रिवाल्वर की वैधता की भी जांच कर रही है।
वहीं, कर्मचारी की ओर से लगाए गए मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर, वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाएगी। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





