Sunday, August 30, 2026

नवोदय अस्पताल में आग से मची अफरा-तफरी, गोद में बच्चों को लेकर भागे परिजन

spot_img

यूपी के बरेली स्थित मिनी बाईपास रोड स्थित नवोदय अस्पताल में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल की चौथी मंजिल पर आग लगने के बाद कुछ ही देर में धुआं कॉरिडोर के रास्ते निचली मंजिलों तक पहुंच गया। देखते ही देखते अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वार्डों में भर्ती मरीजों को बाहर निकालने के लिए अस्पताल कर्मचारियों के साथ उनके परिजन भी जुट गए। गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर के सहारे बाहर लाया गया, जबकि नवजात और छोटे बच्चों को उनके माता-पिता गोद में लेकर सुरक्षित स्थान की ओर भागते नजर आए। राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित एमसीवी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग लगते ही धुआं उठने लगा और अस्पताल के अलग-अलग फ्लोर पर लगे फायर अलार्म बज उठे। अलार्म की आवाज सुनकर अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग से उठने वाला धुआं कॉरिडोर के रास्ते नीचे की मंजिलों तक पहुंच गया।

बच्चे को गोद में लेकर भागे कर्मचारी

धुआं बढ़ता देख अस्पताल में भर्ती मरीजों को तत्काल बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। कर्मचारी गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर पर लेकर बाहर आए। वहीं वार्डों में भर्ती बच्चों और नवजातों को लेकर परिजन घबराकर अस्पताल से बाहर निकलने लगे। कई परिजन अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर अस्पताल परिसर से बाहर जाते दिखाई दिए। अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के बाहर निकलने से अस्पताल के बाहर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस की मदद से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कराया, ताकि धुएं और आग के कारण किसी मरीज की हालत न बिगड़े।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय नवोदय अस्पताल में करीब 80 मरीज भर्ती थे। सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत यह रही कि जिस चौथी मंजिल पर आग लगी, वहां उस समय कोई मरीज भर्ती नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एमसीवी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों और अस्पताल में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की जांच की जा रही है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मिनी बाईपास पर हुई इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!