जालौन में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ आत्मीयता के पल बिताए। दोनों अधिकारियों ने वृद्धजनों को फल वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

डीएम और एसपी को अपने बीच पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व की झलक साफ दिखाई दी। बातचीत के दौरान एक बुजुर्ग ने बुंदेलखंडी अंदाज में जिलाधिकारी को स्नेहाशीष देते हुए कहा—“जुग-जुग जिया लाल, बानो कमिश्नर।” बुजुर्ग के इस आत्मीय आशीर्वाद से मौके का माहौल भावुक होने के साथ ही बेहद खुशनुमा हो गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, स्नेह और आशीर्वाद आने वाली पीढ़ियों को निरंतर दिशा देता है। वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और उनकी जरूरतों का ध्यान रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। जिला प्रशासन वृद्धजनों के सुख-सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

डीएम ने बताया कि वृद्धजनों को पहले हरिद्वार और वृंदावन के दर्शन कराए जा चुके हैं। अब उन्हें अयोध्या धाम ले जाकर श्रीरामलला के दर्शन कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के जीवन में खुशियां लाना और उन्हें अपनों जैसा अपनत्व देना प्रशासन की संवेदनशील जिम्मेदारी है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डीएम और एसपी के वृद्धाश्रम पहुंचने से वहां उत्सव, अपनत्व और भावनाओं से भरा माहौल बन गया। बुजुर्गों ने भी दोनों अधिकारियों को स्नेहाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों की इस आत्मीय पहल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।







