स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को जालौन के उरई में हर घर तिरंगा यात्रा निकाली गई। टाउनहाल से शुरू हुई यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा शहर तिरंगे के रंग में नजर आया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने की। मुख्य अतिथि ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि आज उरई में देशभक्ति का ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला।
टाउनहाल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा डीजे और सजे वाहन के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ी। यात्रा में स्कूली बच्चों के साथ विभिन्न वर्गों और सर्वसमाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। युवाओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
यात्रा टाउनहाल से निकलकर शहीद भगत सिंह चौराहा, घंटाघर और मोनी मंदिर होते हुए वापस टाउनहाल पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री अनिल यादव, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, बृजभूषण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह, जगदीश तिवारी, नागेंद्र गुप्ता, संतराम सेगर, पुष्पेंद्र सेगर, विवेक कुशवाहा, प्रशांत द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






