झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर सोमवार सुबह एट कोतवाली क्षेत्र के पिरौना ओवरब्रिज के पास हुए भीषण सड़क हादसे में उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की लग्जरी कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में गोरखपुर निवासी 22 वर्षीय राधा रमण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर जिले के पांच श्रद्धालु लग्जरी कार से उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने गए थे। सोमवार सुबह सभी दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार जालौन जिले में नेशनल हाईवे-27 पर पिरौना ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी उसकी टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने के बावजूद कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में फुल्हा, जिला गोरखपुर निवासी राधा रमण पांडे (22) पुत्र विनोद कुमार पांडे की मौत हो गई। चालक शिवम पाठक पुत्र उमाशंकर पाठक सहित तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एट कोतवाली पुलिस और पिरौना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से अधिक घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज उरई भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि मृतक राधा रमण अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता विनोद कुमार पांडे सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, जबकि उसकी मां का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर ट्रक की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




