Saturday, September 19, 2026

मूंग खरीद व्यवस्था पर डीएम सख्त, 25 नए क्रय केन्द्र तत्काल खोलने के निर्देश

जालौन जिले में मूंग खरीद व्यवस्था को अधिक प्रभावी और किसान हितैषी बनाने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मूंग खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु तथा समयबद्ध तरीके से संचालित की जाए। किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में 16 मूंग क्रय केन्द्र संचालित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, तौल, उपज की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था, समय पर भुगतान तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार या परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि 25 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के लिए प्रस्तावित नए मूंग क्रय केंद्रों के संचालन की प्रक्रिया लंबित है और संबंधित विभागों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई समय पर नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उद्यान अधिकारी और एआर कोऑपरेटिव को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित औपचारिकताओं को उसी दिन पूरा कर प्रस्तावित मूंग क्रय केंद्रों का संचालन तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि जिले के अधिक से अधिक किसानों को उनके नजदीक ही उपज बेचने की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की है। ऐसे में सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने, किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने तथा भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न होने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मूंग खरीद अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो और प्रत्येक पात्र किसान को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार, उद्यान अधिकारी परवेज खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!