उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए साथियों के साथ निकले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक कर्मचारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कार का आगे का टायर फटने से हुआ, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कई लोग घायल हुए, जबकि पीडब्ल्यूडी कर्मचारी समेत दो लोगों की जान चली गई। रविवार रात शव गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम अभैदेपुर निवासी श्याम जी प्रजापति (37), स्वर्गीय अतिरूप प्रजापति के पुत्र थे और लोक निर्माण विभाग, उन्नाव में बाबू के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार 18 जुलाई की रात वह अपने आठ साथियों के साथ कार से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक कार का आगे का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान श्याम जी ने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में उनके एक अन्य साथी की भी मौत हो गई।
बताया गया कि श्याम जी के पिता स्वर्गीय अतिरूप प्रजापति भी लोक निर्माण विभाग, उरई में कार्यरत थे और सेवाकाल के दौरान उनका निधन हो गया था। इसके बाद मृतक आश्रित कोटे से श्याम जी की नियुक्ति विभाग में हुई थी। प्रारंभिक तैनाती उरई में रही, बाद में उनका स्थानांतरण उन्नाव कर दिया गया था।
रविवार रात जैसे ही श्याम जी का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। पत्नी मंजेशी, पुत्र दिव्यांश और पुत्री मानसी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। छोटे भाई श्याम सुंदर सहित अन्य परिजनों का भी दुख देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। सोमवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा रहे श्याम जी के असमय निधन से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।




