Sunday, September 20, 2026

जालौन में युवती का यौन शोषण करने, मारपीट करने तथा विवाह में बाधा डालने का लगाया आरोप

जालौन कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को शिकायती पत्र देकर गांव के ही एक युवक पर उसकी 21 वर्षीय पुत्री के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने, मारपीट करने तथा विवाह में बाधा डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपी युवक एवं उसके परिजनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई किए जाने के साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।

पीड़िता की मां द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार आरोपी युवक किशोरावस्था से ही उनकी पुत्री का कथित रूप से यौन शोषण करता रहा। परिवार का कहना है कि सामाजिक बदनामी के भय से उन्होंने पहले इस मामले को सार्वजनिक नहीं किया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह आगामी 15 जुलाई को निर्धारित है। आरोप है कि विवाह तय होने की जानकारी मिलने के बाद नौ जुलाई को आरोपी युवक उनके घर में घुस आया और युवती पर अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने युवती के साथ मारपीट की और अशोभनीय हरकतें कीं। शोर सुनकर जब पीड़िता की मां और छोटी बहन मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने विवाह के दिन दूल्हे की हत्या करने तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वहीं आरोपी की मां पर भी गाली-गलौज करने और विवाह नहीं होने देने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!