जालौन के खेल इतिहास में रविवार का दिन एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तरणताल (स्विमिंग पूल) एवं विकसित खेल परिसर का लोकार्पण कर जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आधुनिक तरणताल केवल एक स्विमिंग पूल नहीं, बल्कि जालौन की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने वाला सशक्त केंद्र साबित होगा।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जिस समाज में खेल संस्कृति विकसित होती है, वहां अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच का वातावरण स्वतः निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाएं अक्सर पीछे रह जाती हैं, लेकिन अब जालौन के खिलाड़ियों को अपने जिले में ही बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तरणताल के निर्माण से बच्चों और युवाओं को तैराकी का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर मेहनत ही खिलाड़ियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेलों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में खेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। “एक मंडल-एक स्पोर्ट्स कॉलेज” तथा “एक जनपद-एक खेल” जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की नई खेल नीति के कारण प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए रोजगार, सम्मान और पुरस्कार की संभावनाएं भी लगातार बढ़ी हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जालौन का यह आधुनिक तरणताल आने वाले वर्षों में अनेक प्रतिभाशाली तैराक तैयार करेगा, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जिले का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को जनआंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़कर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान लोगों ने आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।






