जालौन जिले के एट कोतवाली क्षेत्र के विरासनी गांव में बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे करीब लगातार हो रही बारिश से जर्जर मकान की सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई। सीढ़ी के मलबे की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को परिजन और ग्रामीण तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय बच्ची को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार विरासनी गांव निवासी राकेश के मकान की सीढ़ी काफी समय से जर्जर अवस्था में थी। मंगलवार से लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार दोपहर को अचानक सीढ़ी भरभराकर गिर गई। उस समय वहां मौजूद 27 वर्षीय जिया, उनकी छह वर्षीय बेटी प्रिया तथा 22 वर्षीय सरस्वती सीढ़ी के मलबे की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए। हादसा होते ही परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बिना देर किए मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान छह वर्षीय प्रिया की हालत गंभीर पाई गई, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं जिया और सरस्वती का उपचार मेडिकल कॉलेज उरई में जारी है।






