Monday, September 21, 2026

जालौन में कृषि विभाग ने फर्टिलाइजर की दुकानों पर मारा छापा, कृषि अधिकारी बोले, स्टॉक पर्याप्त

जालौन जिले में खाद और यूरिया को ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कृषि विभाग की टीम ने रविवार को कई कस्बों में अचानक छापेमारी की। जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव, अपर कृषि अधिकारी पुष्कर दीक्षित, सहायक विकास अधिकारी कृषि गिरेंद्र कुमार और फर्टिलाइजर बाबू लोकेश दीक्षित की टीम ने गोहन, रामपुरा और उमरी कस्बों में संचालित प्राइवेट खाद दुकानों पर पहुंचकर स्टॉक और बिक्री का बारीकी से निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

टीम ने गोहन स्थित प्रेम एग्रो भंडार, रामपुरा के पाल खाद भंडार और उमरी स्थित सेंगर एग्री खाद बीज भंडार, जय मां जालौन वाली, श्री बाबा साहब महाराज खाद भंडार समेत कई दुकानों की गहन जांच की। जांच के दौरान दुकानों का स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में रखी खाद-यूरिया का मिलान सही पाया गया। वहीं ऊंचे दाम पर खाद और यूरिया बेचने की जो शिकायतें सामने आई थीं, वे मौके पर सही नहीं मिलीं।

जांच के दौरान कृषि विभाग की टीम

इसके बावजूद कृषि अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में यदि किसी किसान की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित दुकान को सील कर दिया जाएगा और दोषी व्यापारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतें पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और हर शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि जिले में खाद और यूरिया की कोई कमी नहीं है। सहकारी समितियों के साथ-साथ निजी दुकानों पर भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसानों को घबराने या किसी भी तरह से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए विभाग ने हर ब्लॉक में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की है और किसी भी स्तर पर कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई को लेकर किसानों ने राहत की सांस ली है। किसानों का कहना है कि जब-जब विभाग इस तरह की छापेमारी करता है तो दुकानदार मनमानी नहीं कर पाते और किसान उचित दाम पर खाद-यूरिया खरीद पाते हैं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!