जालौन में सोमवार को भैंस चराने गया एक युवक यमुना नदी में घुसी भैंस को निकालते समय नदी के गहरे पानी में चला गया, जिससे वह यमुना नदी के पानी के तेज बहाव में बह गया जिसे देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए जिन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस व गोताखोरों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उसके परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां उसकी खोजबीन की जा रही है।
घटना कालपी कोतवाली क्षेत्र के मंगरोल पड़री रपटे की है, जहां रपटे के ऊपर तेज रफ्तार से पानी बह रहा है। जहां ग्राम पडरी का रहने वाला जनवेद सिंह का 24 वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह गाँव से कुछ दूर स्थित यमुना नदी किनारे भैंस चरा रहा था, इसी दौरान उसकी एक भैंस यमुना नदी में तैरने लगी, लेकिन शाम को घर जाने का समय हो जाने के कारण वह अपनी भैंस को निकालने के लिए यमुना नदी में कूद गया, लेकिन वह गहरे पानी और तेज बहाव में समा गया।
नदी के तट पर मौजूद लोगों ने जब इस घटना को देखा उन्होंने मामले की जानकारी परिजनो और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उसके परिजनों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची, परिजन पहुंचे तो कोहराम मच गया। वही पुलिस भी गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में जुटी है लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।