जालौन के उरई में किसानों के हित में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने बालाजी एंटरप्राइजेज पर छापा मारा। टीम ने अवैध रूप से भंडारित 1050 बोरी उर्वरक बरामद किया।
कंट्रोल रूम में मिली शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। टीम में उप जिलाधिकारी उरई, कृषि विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे। जांच में पता चला कि उर्वरक का भंडारण बिना अनुमति वाले स्थान पर किया गया था। यह लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन है।

संस्थान के संचालक ने पूछताछ में माना कि भंडारण उन्होंने किया है। उन्होंने सभी बिल और अभिलेख होने का दावा किया। लेकिन टीम ने पाया कि भंडारण तय चौहद्दी से बाहर किया गया है।
विक्रेता को नोटिस जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को धोखा देने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। पिछले साल भी जनपद में नकली उर्वरक का जखीरा मिला था। इसके बाद जिलाधिकारी ने विशेष दस्ते का गठन किया था।
उप जिलाधिकारी नेहा बार्डव्याल ने व्यापारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन न करें। निर्धारित चौहद्दी से बाहर भंडारण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




